12, 14 और 16 अक्टूबर को बजेगी शहनाई: फतेहपुर में 995 जोड़ों का होगा भव्य सामूहिक विवाह

फतेहपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत कुल 995 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कार्यक्रम को भव्य व सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए विकासखंडवार और नगर निकायवार तिथियां तथा स्थल निर्धारित कर दिए हैं। यह आयोजन तीन चरणों में 12, 14 और 16 अक्टूबर 2026 को संपन्न होगा।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, संबंधित खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को विवाह की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र जोड़ों को विवाह की तिथि और आयोजन स्थल की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, साथ ही आयोजन स्थल की साफ-सफाई व बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिला समाज कल्याण अधिकारी सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे।

तीन चरणों में इस प्रकार होंगे कार्यक्रम:

  • पहला चरण (12 अक्टूबर 2026): बीएनयू मैरिज लॉन, पूरनपूर-अमौली रोड, जहानाबाद में आयोजन होगा, जिसमें अमौली, देवमई और खजुंहा क्षेत्र से जुड़े पात्र जोड़े शामिल होंगे।

  • दूसरा चरण (14 अक्टूबर 2026): सर्वोदय इंटर कॉलेज (गोपालगंज) तथा आस्थामा मंदिर परिसर/सर्वोदय इंटर कॉलेज (असोथर) सहित निर्धारित स्थलों पर विवाह संपन्न कराया जाएगा।

  • तीसरा चरण (16 अक्टूबर 2026): विकासखंड ऐरायां परिसर तथा ग्राम सुधवापुर (ग्राम पंचायत पौली, विकासखंड धाता) में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें ऐरायां, हथगांव, धाता, विजयीपुर और भिटौरा समेत संबंधित नगर निकायों के पात्र जोड़ों का विवाह कराया जाएगा।

अपात्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को ही मिले और किसी भी अपात्र को इसमें शामिल न किया जाए। इसके लिए सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण, ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण तथा समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षकों को विवाह की तिथि से पूर्व सभी जोड़ों का गहन भौतिक सत्यापन व जांच पूरी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।