15 करोड़ की लागत से मरम्मत के बाद भी तीन माह में उखड़े असनी गंगा पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट, घटिया निर्माण की खुली पोल

फतेहपुर: प्रयागराज हाईवे, रायबरेली, प्रतापगढ़ और राजधानी लखनऊ को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण असनी गंगा पुल पर भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण की पोल खुल गई है। शासन द्वारा 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद महज तीन महीने के भीतर ही पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट खुलने लगे हैं और डामर-गिट्टी खिसककर सड़क पर खतरनाक नालीनुमा गड्ढे बन गए हैं। भारी और ओवरलोड वाहनों के दबाव से पुल की हालत फिर से जर्जर होने लगी है, जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।

11 माह में हुआ था काम, जुलाई में खुला था आवागमन 1.20 किलोमीटर लंबे असनी गंगा पुल की बेयरिंग, एक्सपेंशन ज्वाइंट और ऊपरी सतह की मरम्मत के लिए शासन ने 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) रायबरेली द्वारा करीब 11 महीने में काम पूरा कर 20 जुलाई को आवागमन बहाल किया गया था। राहगीरों को उम्मीद थी कि अब सफर सुरक्षित और सुगम होगा, लेकिन तीन माह के भीतर ही डामर की परत उखड़ गई और एक्सपेंशन ज्वाइंट्स से दरारें व आवाजें आने लगी हैं।

संतुलन बिगड़ने से हादसों का डर, दोपहिया चालकों के लिए बढ़ा खतरा पुल से रोजाना तीन से चार हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की सतह पर बनी गहरी दरारों और गड्ढों के कारण वाहनों के पहियों का संतुलन बिगड़ जाता है। अचानक ब्रेक लगाने या स्टीयरिंग मुड़ने से पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने की आशंका बनी रहती है। बारिश या रात के अंधेरे में ये गड्ढे दिखाई न देने के कारण विशेष रूप से बाइक सवारों के गिरने और बड़े हादसे का शिकार होने का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, जांच की मांग करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी सड़क की बदहाली पर स्थानीय नागरिकों ने भारी नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों—बृजेश वाजपेयी, मणिशंकर दुबे, संतोष चौरसिया और राकेश शर्मा—का कहना है कि यह प्रमुख मार्ग कई जिलों को जोड़ता है। निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं किया गया है, इसलिए उच्चाधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का संज्ञान लेना चाहिए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, इस मामले पर एनएचएआई रायबरेली के उप प्रबंधक तकनीकी, अर्जुन सिंह ने कहा कि एक्सपेंशन ज्वाइंट खुलने और डामर उखड़ने के विषय में वह कोई बात नहीं करेंगे और इस संबंध में प्रबंधक से ही बात की जाए।