फतेहपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से एक जनपद एक उत्पादयोजना के तहत युवाओं, पारंपरिक शिल्पियों एवं कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आयरन फैब्रिकेशन ट्रेड में दस दिवसीय निःशुल्क कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षार्थियों को विभाग की ओर से अधिकतम 20 हजार रुपये मूल्य तक की उन्नत टूलकिट निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
विभाग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष व उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। शैक्षिक योग्यता की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क एवं अनावासीय होगा। प्रशिक्षण संतोषजनक ढंग से पूरा करने पर प्रशिक्षार्थियों को दो सौ रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अधिकृत संस्था द्वारा मूल्यांकन कर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत पिछले दो वर्षों में संबंधित ट्रेड की टूलकिट का लाभ लेने वाले अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगे। साथ ही पति-पत्नी में से परिवार के किसी एक सदस्य को ही योजना का लाभ दिया जाएगा।