उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जय प्रकाश सिंह ने रविवार को सदर कोतवाली में सिटी सर्किल के थानों का अर्दली रूम किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुकदमों में चल रही जांच और लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचकों को साक्ष्यों के आधार पर मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
एसएसपी रविवार को कोतवाली सदर पहुंचे, जहां उन्होंने सिटी सर्किल के अंतर्गत आने वाले थाना कोतवाली सदर, दही, गंगाघाट और महिला थाने के जांच अधिकारियों (विवेचकों) के साथ बैठक की। उन्होंने एक-एक कर दर्ज मुकदमों की प्रगति जानी और पेंडिंग मामलों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि विवेचना में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना किसी दबाव के, केवल पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विवेचनाओं का निपटारा जल्द से जल्द हो सके। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) श्रीमती विनी सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।