इस वर्ष दस दिवसीय होगा शारदीय नवरात्रि पर्व.. आचार्य आयुष द्विवेदी जी महाराज

देवी आराधना का पर्व 11 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 20 अक्टूबर तक रहेगा

शक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्रि इस वर्ष 11 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 20 अक्टूबर तक रहेगा।

इस वर्ष नवरात्रि तिथि में वृद्धि होने के कारण यह महापर्व 10 दिनो तक चलेगा।

अष्टमी तिथि दो दिनो तक व्याप्त रहने से भक्तों को अधिष्ठात्री मां भगवती की भक्ति का विशेष अवसर प्राप्त होगा।

मां पन्थेश्वरी पीठ के प्रधान पुजारी आचार्य आयुष द्विवेदी जी महाराज ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना का विशेष महत्व होता है।

इस वर्ष नवरात्रि के पहले दिन पूरे समय चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग की उपस्थिति रहेगी।

धार्मिक ग्रंथों में इन योगो के दौरान कलश स्थापना करना वर्जित माना गया है। ऐसी स्थिति में अभिजीत मुहूर्त में देवी स्थापना करना शास्त्र सम्मत माना गया है, कलश स्थापना के लिए अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:20 से 12:07 के मध्य है ।

मां पन्थेश्वरी पीठ के पीठाधीश्वर आचार्य आयुष द्विवेदी जी महाराज ने बताया कि नवरात्रि का आरंभ रविवार से होने के कारण मां का आगमन हाथी पर हो रहा है, जो कि अत्यधिक वर्षा और प्राकृतिक समृद्धि का प्रतीक है, वहीं नवरात्रि का समापन मंगलवार को होने से मां का गमन कुक्कुट ( मुर्गे) पर होगा।

20 अक्टूबर को विजयादशमी और 21 अक्टूबर को‌ नवरात्रि व्रत का पारायण होगा ।