फतेहपुर: जिले के मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अल्लीपुर स्थित अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में अब विभिन्न जटिल बीमारियों के ऑपरेशन दूरबीन विधि (लैप्रोस्कोपिक सर्जरी) से शुरू हो गए हैं। इस आधुनिक तकनीक के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
छोटे चीरे से होगा इलाज, जल्दी रिकवरी की उम्मीद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके मौर्य ने बताया कि दूरबीन विधि से होने वाली सर्जरी में बड़े चीरे लगाने की आवश्यकता नहीं होती। छोटे छेदों के माध्यम से ऑपरेशन होने की वजह से मरीज को अपेक्षाकृत बहुत कम दर्द और न्यूनतम रक्तस्राव होता है। इसके साथ ही मरीज तेजी से स्वस्थ होकर अपनी सामान्य दिनचर्या में वापस लौट सकता है।
किन-किन बीमारियों का हो सकेगा ऑपरेशन: प्राचार्य के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में अब निम्नलिखित समस्याओं का दूरबीन विधि से इलाज किया जा रहा है:
किडनी की पथरी
पित्त की थैली की पथरी
मूत्रवाहिनी की समस्याएं
पेशाब की थैली और नली के रोग
प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याएं
एक्टोपिक प्रेग्नेंसी
ओवरी की गांठ एवं बच्चेदानी की गांठ
डॉ. मौर्य ने कहा कि दूरबीन विधि आधुनिक चिकित्सा पद्धति का एक महत्वपूर्ण अंग है। इस सुविधा के शुरू हो जाने से जिले के गरीब व जरूरतमंद मरीजों को अपने ही शहर में आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।