फतेहपुर: जनपद फतेहपुर के जहानाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने आगामी दशहरा एवं दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध पटाखा भंडारण और बिक्री के खिलाफ व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिंदकी के मार्गदर्शन में की गई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के कुल 7 क्विंटल 6 किलोग्राम बारूद निर्मित अवैध पटाखे व आतिशबाजी बरामद करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा की गई पहली कार्रवाई मोहल्ला काजीटोला में हुई, जहाँ से 2 क्विंटल 92 किलोग्राम बारूद निर्मित आतिशबाजी जब्त की गई। इस मामले में अभियुक्त मो० रफी उर्फ बच्चू (50 वर्ष) और उसके पुत्र मो० अल्तमस (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मु०अ०सं० 182/2026 दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई लालूगंज स्थित 'गुनगुन गिफ्ट डेकोरेशन' की दुकान पर की गई, जहाँ से 2 क्विंटल 63 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद कर अभियुक्त सात्विक जैन (25 वर्ष) को दबोचा गया, जिसके खिलाफ मु०अ०सं० 181/2026 पंजीकृत हुआ। वहीं तीसरी छापेमारी मोहल्ला लालूगंज में हुई, जहाँ से 1 क्विंटल 51 किलोग्राम पटाखे बरामद कर अभियुक्त उत्कर्ष गुप्ता (26 वर्ष) को गिरफ्तार करते हुए मु०अ०सं० 180/2026 कायम किया गया। सभी अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 तथा 5/9(ख) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल अभियान को थानाध्यक्ष जहानाबाद योगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उ०नि० बिन्ध्येश कुमार गिरि, उ०नि० अभिषेक शुक्ला, म०उ०नि० प्रीति सिंह, हे०का० सूर्यभान सिंह, का० वीरू सिंह, रि०का० विशाल यादव और रि०म०का० रीनू अहिरवार की टीम ने अंजाम दिया। वहीं, फतेहपुर पुलिस ने आगामी पर्वों के मद्देनजर सभी पटाखा विक्रेताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे पटाखों का भंडारण केवल निर्धारित लाइसेंस सीमा के तहत व सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही करें। पुलिस ने आगाह किया कि अत्यधिक और अवैध भंडारण से आग लगने अथवा विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे भारी जन-धन की हानि हो सकती है।