जनपद फतेहपुर में गुम और खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जनपदीय सीसीटीएनएस (CCTNS) टीम ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से जनपद, गैर-जनपदीय क्षेत्रों और अन्य राज्यों से विभिन्न कंपनियों के कुल 127 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹19 लाख है।

रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने इन सभी बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किया। बरामद किए गए इन फोनों में सर्वाधिक 20 मोबाइल बिंदकी थाने से, 14 कोतवाली से, 12 असोथर से, 11 गाजीपुर से और 10 राधानगर थाने से संबंधित हैं। इसके अलावा थरियांव से 8, हुसैनगंज व ललौली से 7-7, चांदपुर व हथगांव से 6-6, खागा से 5, खखरेरू से 4, मलवां, धाता, बकेवर व औंग से 3-3, किशनपुर व सुल्तानपुर घोष से 2-2 तथा जहानाबाद से 1 मोबाइल बरामद हुआ है। अपने खोए हुए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने फतेहपुर पुलिस की इस त्वरित व सराहनीय कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।