विधायक ने बेटी की सफलता पर जताई खुशी, समाज से की बेटियों को शिक्षित करने की अपील
उन्नाव (पुरवा)।
पुरवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक अनिल सिंह के लिए यह पल किसी ऐतिहासिक गौरव से कम नहीं है। उनकी बेटी आरोही सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित 'यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी' (University of Sydney) से बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री हासिल की है। बेटी की इस कामयाबी से विधायक के परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है।
कभी गरीबी और अभाव के बीच संघर्ष कर अपनी शिक्षा पूरी करने वाले विधायक अनिल सिंह के लिए बेटी को दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थान से ग्रेजुएट होते देखना, एक पिता के तौर पर जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसे महज एक डिग्री नहीं, बल्कि मेहनत, संस्कार और सपनों की जीत के रूप में देखा जा रहा है।
इस भावुक और गर्व भरे अवसर पर विधायक अनिल सिंह ने क्षेत्रवासियों से एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता को अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को शिक्षा जरूर दिलानी चाहिए। उन्हें बिना किसी भेदभाव के अपने पैरों पर खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने के पूरे अवसर दें। विधायक ने जोर देते हुए कहा, "जब एक बेटी शिक्षित होती है, तो वह केवल अपने मायके को ही नहीं, बल्कि ससुराल और आने वाली पीढ़ियों का भी भविष्य संवारती है।"
विधायक ने इस दौरान संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक प्रगति का सबसे बड़ा आधार माना था। समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब बेटियां शिक्षित और सशक्त होंगी।
आरोही सिंह की यह सफलता उन सभी बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखती हैं। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों की ओर से आरोही सिंह को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार बधाइयां मिल रही हैं।