फतेहपुर: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति फेज-6.0' एवं 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत जहानाबाद पुलिस की तत्परता से एक परिवार की खुशियां बिखरने से बच गईं। सामूहिक विवाह समारोह में अचानक गायब हुए 3 वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
विवाह समारोह की भीड़ में गुम हुआ था बच्चा घटना 12 अक्टूबर की है। थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन चल रहा था। भारी भीड़-भाड़ के बीच एक 3 वर्षीय बच्चा अचानक अपने परिजनों की नजरों से ओझल होकर कहीं खो गया। बच्चे के गायब होते ही परिजनों के होश उड़ गए और कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।
'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत तुरंत शुरू की तलाश मौके पर मौजूद मिशन शक्ति टीम को जैसे ही बच्चे के गुम होने की सूचना मिली, टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में टीम ने चारों तरफ सक्रियता दिखाई और सघन खोजबीन के बाद मासूम को सकुशल ढूंढ निकाला।
सत्यापन के बाद सौंपा, परिजनों ने जताया आभार आवश्यक कानूनी व कागजी सत्यापन के बाद बच्चे को रोते-बिलखते माता-पिता की गोद में सौंपा गया। अपने कलेजे के टुकड़े को सही-सलामत देखकर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने जहानाबाद पुलिस की कार्यशैली और संवेदनशीलता की खुले दिल से प्रशंसा की।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
म0उ0नि0 प्रीती सिंह (मिशन शक्ति प्रभारी, थाना जहानाबाद)
मु0आ0 इंद्रपाल
आ0 आशीष तोमर
म0आ0 विजय लक्ष्मी
म0आ0 शिवानी यादव